दो-दो पासपोर्ट बनवाने के आरोप में चार लोगों पर एफआईआर, कोर्ट में भी कार्रवाई की मांग
सीवान। जिले मेंमैरवा थाना क्षेत्र के चार पासपोर्ट धारकों पर कथित रूप से गलत जानकारी देकर दो-दो पासपोर्ट प्राप्त करने और पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में तथ्य छिपाने का आरोप लगा है।
इस मामले में मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सीवान की अदालत में आवेदन देकर चारों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थानाध्यक्ष के बयान पर मैरवा थाने में चारों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।
आवेदन के अनुसार, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना और पुलिस अधीक्षक, सीवान के पत्रों के आधार पर जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
आरोप है कि इंग्लिश नोनिया टोला निवासी राजा कुमार चौहान ने पहले जारी पासपोर्ट के बाद अपना नाम बदलकर राज कुमार चौहान कर लिया और पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया।
इसी प्रकार, तितरा निवासी भीम राम पर पहले प्राप्त पासपोर्ट का विवरण छिपाकर दूसरा पासपोर्ट हासिल करने का आरोप है। वहीं, छोटका मांझा निवासी जितेंद्र कुशवाहा तथा इंग्लिश निवासी राजा आलम पर भी पुराने पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर अलग-अलग विवरणों के आधार पर दूसरा पासपोर्ट प्राप्त करने का आरोप लगाया गया है।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने अदालत को दिए आवेदन में कहा है कि इस प्रकार की गतिविधियां पासपोर्ट जारी करने की व्यवस्था को कमजोर करती हैं और विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा को भी प्रभावित कर सकती हैं।
इसलिए चारों आरोपितों के विरुद्ध पासपोर्ट अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब अदालत के निर्देश और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े : खरीफ महाभियान-2026 का मुख्यमंत्री ने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
