बंद पड़े घर में चोरों का धावा,लाखों के जेवर-नकदी पार, पीड़ित ने दी तहरी
लखनऊ। चिनहट क्षेत्र स्थित कंचनपुर मटियारी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 7 लाख रुपए के जेवर, नकदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। महिला परिवार के साथ मायके गई थी। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता ने चिनहट कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कंचनपुर मटियारी निवासी पीड़िता गौसिया खातून के मुताबिक, वह 31 मई की शाम परिवार के साथ मायके गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखी सवा तोले की सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, करीब 70 ग्राम चांदी की पायल, 20 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके अलावा शादी के दहेज में मिले तांबे और पीतल के बर्तन, ट्रॉली बैग, वीआईपी सूटकेस, दो लहंगे, नए कपड़े, चादरें और अन्य सामान भी उठा ले गए।
पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6.5 से 7 लाख रुपए है। महिला ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला के अनुसार घटना से पहले 3-4 युवक अक्सर घर के सामने चबूतरे और पेड़ के पास बैठते और घूमते दिखाई देते थे। इनमें से एक युवक नारंगी रंग की टी-शर्ट पहने था।
आशंका है कि इन्हीं लोगों ने घर की रेकी की हो। चिनहट पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
