लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, वैष्णो देवी जा रही ट्रेन का कोच हुआ अलग
लुधियाना। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब वैष्णो देवी जा रही यात्रियों से भरी ट्रेन में तकनीकी खराबी आ गई। करीब 1200 यात्रियों को लेकर जा रही न्यू दिल्ली–श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल (04081) ट्रेन में स्लीपर कोच का टॉयलेट अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ टूट गया, जिससे कोच का एक हिस्सा अपने साथ वाले डिब्बे से अलग हो गया।
धमाके की आवाज सुनते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और वे तुरंत कोच से बाहर निकल आए। स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन लुधियाना स्टेशन पर पहुंचने ही वाली थी या रुकने की स्थिति में थी।
अगर यह हादसा तेज रफ्तार में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था और यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो सकता था। यह ट्रेन शनिवार तड़के करीब ढाई बजे नई दिल्ली से वैष्णो देवी के लिए रवाना हुई थी और सुबह 8:47 बजे लुधियाना स्टेशन पहुंची।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
