छोटे भाई की पिटाई से क्षुब्ध बड़े भाई ने लगाई फांसी,पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज
महिगंवा थाना इलाके का मामला
लखनऊ। महिगवां थाना क्षेत्र के राजा सलेमपुर गांव में छोटे भाई से हुए विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
राजा सलेमपुर निवासी सुरेश का बड़ा बेटा शिवव्रत उर्फ मोनू (24) गांव में ही परचून की दुकान चलाता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को किसी बात को लेकर शिवव्रत और उसके छोटे भाई के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट भी हुई।
घटना के बाद से शिवव्रत काफी तनाव में था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया, लेकिन देर रात बिना किसी को बताए घर से निकल गया। रविवार सुबह ग्रामीण गांव के बाहर पहुंचे तो एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका देख दंग रह गए।
ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची महिगवां पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू की। परिजनों का कहना है कि छोटे भाई से हुए विवाद और मारपीट के बाद शिवव्रत मानसिक रूप से आहत था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
