आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को सरकार की सौगात, बढ़ा मानदेय
कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर ₹12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे ₹6 हजार
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की है। कार्यकत्रियों का मानदेय 7,500 से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का 3,750 से बढ़ाकर छह हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत अन्य लाभ दिए जाएंगे।
अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को मां यशोदा की भूमिका निभाने वाली कर्मयोगी बताया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने कहा कि सरकार डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों तक पहुंचा रही है और बिचौलिया व्यवस्था समाप्त हुई है। उन्होंने मानदेय बढ़ोतरी पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को बधाई दी।
.jpeg)
विधायक ओम कुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार बिना भेदभाव समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में बढ़े हुए मानदेय के सांकेतिक चेक वितरित किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र, अति कुपोषित बच्चों व उनकी माताओं को पोषण पोटली तथा नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी विमल कुमार चौबे इंदिरा सिंह अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बिजनौर सहित अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
