लविवि में हॉस्टल फीस चार गुना बढ़ने पर हंगामा
-छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन -डीन ने कहा फंड की कमी के कारण बढ़ी फीस
लखनऊ। लविवि में रणवीर सिंह बिष्ट हॉस्टल की फीस बढ़ोतरी के विरोध में मंगलवार को दोपहर बाद छात्रों ने मैत्री भवन के बाहर रास्ता रोककर प्रदर्शन किया। हॉस्टल की सालाना फीस 7 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए करने पर छात्रों ने नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर अमिता कनौजिया ने छात्रों से कहा कि मांगों के लिए सरकार से फंड लेकर आएं और वहीं प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पास छात्रों की मांगें पूरी करने के लिए पर्याप्त फंड नहीं है। छात्रों ने कहा कि फीस में करीब चार गुना बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा 2 हजार रुपए सिक्योरिटी मनी भी ली जाएगी। छात्रों ने इतनी फीस के बदले मिलने वाली सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। चीफ प्रॉक्टर आशीष अवस्थी ने फीस बढ़ोतरी का बचाव किया। उन्होंने कहा कि करीब दो साल बाद हॉस्टल का नवीनीकरण कराया गया है। छात्रों को नई सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें वॉशिंग मशीन, नए वाटर कूलर, बेड, टेबल और कुर्सियां शामिल हैं। उन्होंने हॉस्टल को ‘प्रीमियम हॉस्टल’ बताया। छात्रों ने इस दावे को खारिज किया।
छात्र नेता शुभम खरवार ने कहा कि हॉस्टल को ‘फाइव स्टार सुइट’ जैसा बताया जा रहा है, जबकि यहां कई कमियां हैं। कमरों में जगह-जगह लीकेज है। पेंट उखड़ रहा है और फर्नीचर भी पुराना है। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में वाटर कूलर भी नहीं हैं। सभी काम पूरे होने से पहले ही हॉस्टल का उद्घाटन कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान डीन अमिता कनौजिया और छात्रों के बीच तीखी बहस भी हुई। कुछ दिन पहले छात्रों से बहस का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मंगलवार को उन्होंने छात्रसंघ नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि छात्र फीस बढ़ोतरी को लेकर अधिकारियों से कैसे सवाल कर सकते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
