जीपीओ गांधी प्रतिमा पर दिव्यांग शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन
ट्रांसफर लिस्ट जारी करने की मांग
- अधिकारियों पर लगाया गुमराह करने का आरोप
लखनऊ। सोमवार को उत्तर प्रदेश दिव्यांग महागठबंधन ने जीपीओ गांधी प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन किया। यूपी के अलग अलग जनपदों से दिव्यांगों ने बेसिक शिक्षा विभाग में दिव्यांग शिक्षकों के लंबित अंतरजनपदीय स्थानांतरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आवेदन के बावजूद शासन स्तर से स्थानांतरण सूची जारी नहीं की जा रही है।
संगठन के जिला अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए पहले ही आवेदन कर रखा है, लेकिन अब तक सूची जारी नहीं हुई। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कई पत्र भेजकर लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 4 जून 2026 के शासनादेश में दिव्यांग शिक्षकों और दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों व संरक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की व्यवस्था की गई है। आरोप है कि बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी शासनादेश के बावजूद दिव्यांग शिक्षकों को इसका लाभ नहीं दे रहे हैं।
संगठन ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत शिक्षकों के स्थानांतरण तत्काल करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे दिव्यांगों ने बताया कि इससे पहले 31 अगस्त को इको गार्डन में धरना दिया था। उस समय शासन प्रशासन के अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया था कि जल्द ही मांग पूरी होगी। मगर एक हफ्ता गुजर जाने के बाद किसी प्रकार संज्ञान नहीं लिया गया। लगातार हम लोगों को नजर अंदाज किया जा रहा है। संगठन के सभी सदस्य मिलकर योजना के तहत जल्द ही महाआंदोलन करेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
