हज यात्रियों की दो चरणों में होगी मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस जांच
बीमारी को न छिपाने का हज यात्रियों को दिया गया सुझाव
अरुण अग्रवाल
बहराइच । जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मो. खालिद ने बताया कि हज कमेटी आफ इण्डिया द्वारा हज-2027 के चयनित हज यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस के सम्बन्ध में जारी दिशा निर्देशों के अनुसार चयनित हज यात्रियों को दो चरण में मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस कराना आवश्यक होगा।
प्रथम चरण में हज यात्रियों के चयन उपरान्त व द्वितीय चरण में उड़ान से पूर्व कराना होगा। इसी क्रम में प्रथम चरण में चयनित हज यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय व अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारुप पर सरकारी चिकित्सा केन्द्रों में जाँचोपरोन्त एलोपेथिक पद्धति के चिकित्सक द्वारा प्रमाण पत्र जारी कराना होगा। इस सम्बन्ध में प्रदेश के समस्त मुख्य चिकित्साधिकारियों को शासन स्तर से भी निर्देश निर्गत किये गये हैं।
श्री खालिद ने बताया कि हज यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद व अन्य प्रपत्र हज कमेटी आफ इण्डिया की वेबसाइट हजकमेटी डाट जीओवी डाट इन पर 15 सितम्बर 2026 तक अपलोड किया जाना होगा। हज यात्रियों को सलाह दी गयी है कि प्रथम चरण का मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण पत्र व जाँच रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखें ताकि द्वितीय चरण की जाँच के समय इस रिपोर्ट को प्रस्तुत किया जा सके। श्री खालिद ने हज यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि जाँच के दौरान किसी भी तरह की बीमारी को छुपाया न जाए।
उन्होंने बताया कि जो हज यात्री जाँच में अनफिट पाये जाएंगे उनकी हज यात्रा निरस्त कर दी जाएगी व नियमानुसार उनकी धनराशि वापस की जाएगी। यदि किसी हज यात्री द्वारा जान-बूझकर जानकारी छुपायी गयी व जाँच में उन्हें अनफिट पाया गया तो उन पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी जिसमें जमा धनराशि भी जब्त की जा सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
