केजीएमयू : बढ़ते हृदय रोग के बोझ को लेकर विशेष चर्चा
केजीएमयू: ‘द ब्राउन हार्ट’ के निर्माताओं के साथ हृदय स्वास्थ्य पर टाउन हॉल
लखनऊ: किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी,केजीएमयू में हृदय स्वास्थ्य व भारतीय और दक्षिण एशियाई आबादी में बढ़ते हृदय रोग के बोझ को लेकर एक विशेष टाउन हॉल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में द ब्राउन हार्ट और द ब्राउन हार्ट फाउंडेशन के निर्माताओं ने विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों के साथ संवाद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने की। अमेरिका से आए डॉ. निर्मल जोशी एवं डॉ. रेणु जोशी, द ब्राउन हार्ट फाउंडेशन के निर्माता केजीएमयू के पूर्व छात्र, कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता रहे। दोनों विशेषज्ञ भारतीयों एवं दक्षिण एशियाई समुदायों में हृदय संबंधी जोखिम को कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे वैश्विक प्रयासों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।कार्यक्रम के दौरान डॉ. निर्मल जोशी एवं डॉ. रेणु जोशी ने एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दक्षिण एशियाई लोगों में अपेक्षाकृत अधिक हृदय संबंधी जोखिम, इसके प्रमुख कारकों तथा जोखिम की समय रहते पहचान, रोकथाम और प्रारंभिक उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम में कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषि सेठी सहित डॉ. अक्षय प्रधान, डॉ. प्रवेश विश्वकर्मा, डॉ. मोनिका भंडारी, डॉ. आयुष शुक्ला, डॉ. उमेश त्रिपाठी, डॉ. गौरव चौधरी, डॉ. अभिषेक सिंह एवं डॉ. शरद चंद्र सहित विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विशेष रूप से दक्षिण एशियाई आबादी में हृदय रोग के महत्वपूर्ण बोझ को देखते हुए जागरूकता बढ़ाने, रोकथाम और हृदय संबंधी जोखिम की समय रहते पहचान की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
