मीना मंचों के 450 प्रतिभागी होंगे प्रशिक्षित
9 से 24 सितंबर तक नौ बैचों में होगी टीओटी एवं एमटी कार्यशाला
लखनऊ। प्रदेश सरकार बेटियों को शिक्षा के साथ , आत्मविश्वास और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में कई कार्यक्रम चला रही है। इस विशेष परियोजना फॉर इक्विटी के अंतर्गत मीना मंचों को बालिकाओं के सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता विकास का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए राज्य स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने बताया कि एसआईईटी, प्रयागराज में 9 से 24 सितंबर तक नौ बैचों में कुल 450 प्रतिभागियों की ट्रेनिंग आॅफ ट्रेनर्स टीओटी एवं मास्टर ट्रेनर एमटी कार्यशाला होगी। प्रथम एवं द्वितीय बैच की कार्यशाला 9 एवं 10 सितंबर, तृतीय एवं चतुर्थ बैच की 11 एवं 12 को,पांचवे एवं छठे बैच की 21 एवं 22 सितंबर, सप्तम एवं आठवें बैच की 16 एवं 17 सितंबर तथा नवें बैच की कार्यशाला 23 एवं 24 सितंबर को होगी। प्रत्येक बैच में 50 प्रतिभागी शामिल होंगे और 450 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से प्रतिभागी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य मीना मंचों को बालिकाओं के सशक्तीकरण, और सुरक्षा संबंधी जागरूकता से जोड़ते हुए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है। टीओटी एवं एमटी के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगे संबंधित स्तरों पर इस क्षमता को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे विद्यालयों में बालिकाओं की सहभागिता को बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। मीना मंच बालिकाओं के सशक्तीकरण और नेतृत्व विकास का प्रभावी माध्यम है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
