मन्नत फाउंडेशन की पहलः अर्पित पाण्डेय के घर पहुंची मदद
बस्ती - अयोध्या जनपद के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के बरगदिया गांव निवासी अर्पित पाण्डेय से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी मदद के लिए समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों के आगे आने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में बस्ती की मन्नत फाउंडेशन की अगुवाई में कई समाजसेवी बरगदिया स्थित अर्पित पाण्डेय के घर पहुंचे और परिवार की स्थिति देखकर हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मन्नत फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. हेमंत पाण्डेय के नेतृत्व में समाजसेवियों ने अर्पित पांडे के परिवार से मुलाकात की। परिवार की परिस्थितियों को देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद परिवार की जरूरत को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री, कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। सहयोग के रूप में गेहूं, चावल, आटा, तेल, चीनी, चायपत्ती, दाल, साड़ी, कपड़े सहित घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान दिया गया। इसके साथ ही अर्पित पांडे को नगद आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, ताकि परिवार की तत्काल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके।इस सेवा कार्य में प्रैक्सिस विद्यापीठ के प्रबंधक सुशांत पाण्डेय वरिष्ठ समाजसेवी अपूर्व शुक्ला, युवा नेता अजय पाण्डेय, कुणाल पाण्डेय, संजय पांडेय, सोनू पाठक, दुर्गेश चौधरी, देवनारायण पांडेय और राजकुमार त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
मन्नत फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. हेमंत पाण्डेय ने कहा कि संस्था लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रही है और भविष्य में भी जहां आवश्यकता होगी, वहां हरसंभव सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
