बाबा नीम करौली की भक्ति में रंगा क्रिसेंट मॉल, भाजपा नेता अरविन्द पाल ने 101 लोगों को दिखाई ‘हनुमान अंश’
पदयात्रा कर जयघोष के साथ सिनेमा हाल पहुंचे श्रद्धालु
बस्ती - बाबा नीम करौली के जीवन और आध्यात्मिक व्यक्तित्व पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखने के लिए रविवार को क्रिसेंट मॉल स्थित सिनेमैक्स सिनेमा में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं 310 बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र से प्रबल दावेदार इंजीनियर अरविन्द पाल की पहल पर 101 लोगों ने सामूहिक रूप से फिल्म का प्रदर्शन देखा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत रौता चौराहे के निकट स्थित भाजपा नेता अरविंद पाल के कैंप कार्यालय से हुई। यहां एकत्र हुए श्रद्धालुओं और समर्थकों ने बाबा नीम करौली के जयघोष के साथ पदयात्रा शुरू की। हाथों में आस्था और मन में उत्साह लिए लोग आगे बढ़े। पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रोडवेज पहुंची, जहां से सभी लोग क्रिसेंट मॉल स्थित सिनेमैक्स सिनेमा पहुंचे। यहां सभी ने एक साथ फिल्म ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन देखा।
फिल्म देखने के बाद भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि बाबा नीम करौली का जीवन केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व में सेवा, भक्ति, मानवता और सनातन परंपरा के गहरे संदेश दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश की महान आध्यात्मिक परंपराओं और संतों के जीवन से परिचित कराने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ प्रत्येक व्यक्ति को देखनी चाहिए। कहा कि जो भी जनप्रतिनिधि और सक्षम लोग हैं, उन्हें अधिक से अधिक लोगों को ऐसी प्रेरणादायी फिल्में दिखाने का प्रयास करना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और संतों के विचारों को बेहतर ढंग से समझ सके।
इं. अरविन्द पाल ने कहा कि सनातन धर्म केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन जीने की व्यापक पद्धति और आध्यात्मिक चेतना का आधार है। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली जैसे संतों का जीवन सेवा, समर्पण, आस्था और मानव कल्याण का संदेश देता है। ऐसी फिल्मों के माध्यम से इन विचारों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कहा कि सनातन धर्म की परंपरा, आस्था और आध्यात्मिक शक्ति को समझने के लिए युवाओं को भारतीय संतों और महापुरुषों के जीवन से जुड़ी सामग्री को जानना चाहिए। उनके अनुसार, ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बन सकती हैं।
फिल्म देखने पहुंचे लोगों ने भी ‘हनुमान अंश’ की सराहना की। लोगों ने कहा कि बाबा नीम करौली के जीवन पर आधारित फिल्म के माध्यम से उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व, विचारों और जीवन-दर्शन को समझने का अवसर मिला। लोगों ने 101 लोगों को फिल्म दिखाने की पहल के लिए इंजीनियर अरविंद पाल के रचनात्मक पहल को सराहा।
कार्यक्रम के दौरान बाबा नीम करौली के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पदयात्रा से लेकर फिल्म प्रदर्शन तक लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन में श्रद्धा के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश भी देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष पवन कसौधन, प्रमोद पाण्डेय, सत्येंद्र सिंह ‘भोलू, विवेकानन्द शुक्ला, रमेश अग्रहरि, परमात्मा यादव, सुग्रीव पाल, राजेन्द्र यादव, सूर्य नारायण पाल, हरिकेश पाल, दिनेश चौधरी, अतुल पाल, गिरजेश कसौधन, मलगु पाण्डेय, पवन पाल, मदनलाल, ब्रह्मानंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
