झूठे मुकदमों की धमकी देकर वसूली का खेल बेनकाब, पांच गिरफ्तार
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा, मुकदमे में समझौते के नाम पर बनाया जाता था दबाव
रामनाथ सिंह तरुण मित्र
बिजनौर। झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर लोगों से रुपये ऐंठने वाले कथित गिरोह का कोतवाली शहर पुलिस ने स्वाट एवं सर्विलांस टीम के साथ मिलकर भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार गिरोह लोगों के आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य मामलों की जानकारी जुटाकर उन्हें अपने प्रभाव में लेता था। इसके बाद मुकदमे में समझौता कराने के नाम पर दबाव बनाकर आर्थिक लाभ लेने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को मोहम्मद अहसान निवासी काजीपाड़ा, उमर कॉलोनी, बिजनौर ने कोतवाली शहर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों द्वारा उसे झूठे मुकदमे में फंसाने तथा मुकदमा वापस लेने के लिए रुपये की मांग की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 706/2026, धारा 61(2)/308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी प्रकरण से संबंधित आरोपितों के खिलाफ थाना नूरपुर में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी।
पांच आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस ने सात सितंबर को कार्रवाई करते हुए जुल्फेकार उर्फ बब्बू लांगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुन्ती और प्रीति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने का आरोप
एसपी की प्रेस वार्ता में पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान मुख्य आरोपित जुल्फेकार उर्फ बब्बू लांगड़ा द्वारा एक संगठित गिरोह संचालित किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य महिलाओं और अन्य सहयोगियों के माध्यम से अलग-अलग थानों एवं जनपदों में संबंधित लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने तथा न्यायालयों में परिवाद प्रस्तुत कराने का सहारा लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, ऐसे मामलों में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के मुकदमे भी दर्ज कराए जाने की जानकारी विवेचना में सामने आई है। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने अथवा गिरोह की शर्तें स्वीकार न करने पर संबंधित लोगों पर मुकदमों के जरिए दबाव बनाया जाता था।
कई जनपदों में मुकदमों और परिवादों का रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार अब तक की विवेचना में आरोपितों और उनके सहयोगियों के खिलाफ बिजनौर सहित विभिन्न जनपदों में कई मुकदमे एवं परिवाद दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि गिरोह द्वारा आपसी षड्यंत्र के तहत मुकदमों और परिवादों के माध्यम से लोगों पर दबाव बनाकर अनुचित आर्थिक लाभ हासिल करने का प्रयास किया जाता था।
मुख्य आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस ने गिरफ्तार मुख्य आरोपित जुल्फेकार उर्फ बब्बू लांगड़ा का आपराधिक इतिहास भी जारी किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ बिजनौर के कोतवाली शहर और किरतपुर थानों में पूर्व में कई मुकदमे दर्ज रहे हैं।
स्वाट-सर्विलांस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक, कोतवाली शहर प्रभारी अवनीत मान, सर्विलांस सेल के उपनिरीक्षक शौकत अली, उपनिरीक्षक विपिन डेढ़ सहित स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली शहर पुलिस की टीम शामिल रही।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
