संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची 120 शिकायतें, नौ का मौके पर निस्तारण
मंडलायुक्त ने 25 मामलों की जांच के लिए गठित कराईं संयुक्त टीमें, दिव्यांगों के लिए बने रैंप का किया लोकार्पण
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील चांदपुर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील परिसर पहुंचने पर मंडलायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से नौ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में आवश्यकता के अनुसार स्थलीय जांच कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शिकायतकर्ता की संतुष्टि को शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण आधार बनाया जाए। उन्होंने 25 शिकायती पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए। टीमें मौके पर जाकर मामलों की जांच करेंगी और रिपोर्ट के आधार पर शिकायतों का गुणवत्तापरक समाधान कराया जाएगा।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
दिव्यांगों के लिए बने रैंप का लोकार्पण
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद मंडलायुक्त संगीता सिंह ने तहसील परिसर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए 8.97 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित रैंप का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकारी कार्यालयों में सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले दिव्यांगजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
