कोटेदारों का कमीशन 125 रुपये प्रति क्विंटल, जताया सरकार का आभार
उचित दर विक्रेताओं का कमीशन बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल हुआ
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में वृद्धि किए जाने पर जनपद के कोटेदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में आदर्श कोटेदार संघ की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर के माध्यम से भेजा गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इससे कोटेदारों को 35 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त वृद्धि का लाभ मिलेगा। संघ ने इसे उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण और सराहनीय निर्णय बताया है।
कोटेदार संघ ने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़े हुए लाभांश से उनके आर्थिक हितों को मजबूती मिलेगी तथा वे अपने दायित्वों का निर्वहन और बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा गया कि सरकार ने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं एवं हितों को गंभीरता से लेते हुए यह सकारात्मक निर्णय लिया है। साथ ही खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का भी विशेष आभार व्यक्त किया गया।
संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार आगे भी उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके हित में आवश्यक निर्णय लेती रहेगी। आदर्श कोटेदार संघ की ओर से जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में निर्णय के लिए पुनः धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्य्क्ष नरेन्द्र कुमार जिला अध्यक्ष धर्मपाल सिंह राजीव कुमार मनोज राठी देवेंद्र सिंह धनीराम योगेंद्र सिंह निरंकार मदनपाल आदि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
