बुलेट में मॉडिफाई करवाना पड़ा महंगा, 55 से ज्यादा साइलेंसर हुए नष्ट
एसपी के निर्देश पर चले अभियान में 55 से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर रोलर से किए नष्ट
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। बुलेट मोटरसाइकिलों में मोडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 55 से अधिक मोडिफाई साइलेंसर उतरवाकर रोलर चलाकर नष्ट करा दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक यातायात गौतम राय ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुलेट मोटरसाइकिलों में कंपनी के निर्धारित मानक के विपरीत लगाए गए मोडिफाई साइलेंसरों की जांच की गई। अभियान के दौरान 55 से अधिक साइलेंसर उतरवाकर मौके पर रोलर चलाकर नष्ट कराए गए।
पुलिस के अनुसार मोडिफाई साइलेंसर से मोटरसाइकिलों में अनावश्यक रूप से तेज आवाज होती है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी होती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ सीज करने समेत अन्य प्रवर्तनात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मोटरसाइकिलों में कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें। मोडिफाई साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
