नीमगांव-खीरी,03 सितम्बर(तरुणमित्र)। थाना नीमगांव के चौकी सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव सिकंदराबाद में 24 नवंबर 2025 को एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया था, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय पुत्री की 21 नवंबर 2025 को बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिजनों ने उसी दिन दोपहर में उसे गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया था।
आरोप है कि 24 नवंबर 2025 की रात अज्ञात अराजक तत्वों ने कब्र खोदकर शव को निकाल लिया। सुबह जब परिजन कब्रिस्तान में फातिहा पढ़ने गए तो कब्र खुदी हुई मिली। अंदर देखा तो कफन वहीं पड़ा था, शव गायब था।
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग कब्रिस्तान में जमा हो गए। तलाश करने पर सुबह करीब 10 बजे कब्रिस्तान से करीब 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को ढक कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और उच्चाधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया था।
तीन चौकी प्रभारी बदले,पर खुलासा नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सनसनीखेज घटना के बाद से अब तक चौकी सिकंदराबाद के तीन प्रभारी बदले जा चुके हैं, लेकिन मामले का आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। जिससे परिजनों और ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश है।