बिजनौर के ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी ब्रांड’ ने बढ़ाया महिलाओं का हौसला
प्रशासन की पहल, विदुर प्रेरणा का कारोबार 12 करोड़ पार
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किया गया ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी ब्रांड’ अब महिला सशक्तिकरण का मजबूत प्लेटफॉर्म बन चुका है। इसके तहत 160 से अधिक स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद बाजार में उपलब्ध हैं।
महिलाओं के उत्पादों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए जिले में 100 से अधिक विदुर प्रेरणा आउटलेट्स और 65 विदुर प्रेरणा कैफे संचालित हो रहे हैं। इनसे ब्रांड का कारोबार 12 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल के लिए ‘विदुर प्रेरणा’ वेब एप्लीकेशन और गूगल प्ले स्टोर पर मोबाइल ऐप भी संचालित किया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं को गांव-गांव पहुंचा रहीं ‘दीदियां’
एनआरएलएम का स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और सीएलएफ का त्रिस्तरीय ढांचा ग्रामीण परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समूहों से जुड़ी महिलाएं मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, वृद्धावस्था एवं निराश्रित पेंशन तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचा रही हैं।
पात्रता की जानकारी देने से लेकर आवेदन प्रक्रिया और संबंधित विभागों से समन्वय कराने तक समूह की महिलाएं ग्रामीणों और शासन के बीच सशक्त सेतु की भूमिका निभा रही हैं।
महिला सशक्तिकरण से बदल रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था
बिजनौर में एनआरएलएम की बढ़ती पहुंच ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ ही गांवों में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा किए हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की लाभार्थी नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की संचालक और उद्यमिता की वाहक बनकर उभर रही हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
