उतरौला तहसील के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ छात्रों ने लिया गुरुओं का आशीर्वाद
मोहम्मद अय्यूब, उतरौला संवाददात
उतरौला (बलरामपुर)। उतरौला तहसील क्षेत्र के समस्त परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों और कॉलेजों में शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति व शिक्षाविद डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिवस 'शिक्षक दिवस' के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और छात्रों ने अपने गुरुओं का आशीर्वाद लिया।
विकास खंड गैड़ास बुजुर्ग के प्राथमिक विद्यालय मस्जिदिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक मोहम्मद फिरोज ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. राधाकृष्णन के जीवन और विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिक्षक मोहम्मद फिरोज ने कहा कि शिक्षक समाज का शिल्पकार होता है जो बच्चों के भविष्य को सही दिशा प्रदान करता है।

वहीं उतरौला विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय बनकटवा में प्रधानाध्यापक मोहम्मद उस्मान ने डॉ. राधाकृष्णन के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एक महान शिक्षक और विचारक थे, जिनका जीवन हमें सदैव शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
तहसील क्षेत्र के अन्य स्कूलों में भी बच्चों ने गुरुओं के सम्मान में कई प्रेरक प्रस्तुतियां दीं और शिक्षकों को उपहार देकर उनका आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
