आतिशबाजी की दुकानों व फैक्ट्रियों पर निगरानी, डीएम ने किया निरीक्षण
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई, जिलेभर में चलेगा जांच अभियान
बिजनौर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर आतिशबाजी एवं पटाखों के सुरक्षित क्रय-विक्रय और निर्माण को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर ने पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तहसील नगीना क्षेत्र में आतिशबाजी की दुकानों और फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों, लाइसेंस, पटाखों के भंडारण, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित नियमों का हर हाल में पालन कराया जाए।
.jpeg)
डीएम ने स्पष्ट कहा कि आतिशबाजी से जुड़े प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आतिशबाजी प्रतिष्ठानों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए और खामियां मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि संयुक्त टीम गठित कर पूरे जनपद में आतिशबाजी एवं पटाखों की दुकानों तथा फैक्ट्रियों की जांच कराई जाएगी। इस दौरान लाइसेंस की वैधता, सुरक्षा इंतजाम, भंडारण की स्थिति और निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहनता से जांच होगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए अधिकारी पूरी सतर्कता और तत्परता से कार्य करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
