संभल में दर्दनाक हादसा: डंपर-टेंपो की भीषण टक्कर, छह लोगों की मौत
बालू लदे डंपर ने टेंपो को मारी टक्कर, दो मासूम भाई-बहन समेत छह की मौत
- आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर करीब सुबह लगभग नौ बजे हुआ हादसा
संभल। जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम भाई-बहन समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसा बहजोई थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर सुबह लगभग नौ बजे हुआ।
बताया जा रहा है कि बालू से भरा एक डंपर सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ई-रिक्शा ने अचानक यू-टर्न ले लिया। उसे बचाने के प्रयास में डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। टक्कर के बाद टेंपो उछलकर सड़क से करीब दस फीट दूर जा गिरा। वहीं, डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराने के बाद पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मदद पहुंचाई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आराध्या (3 माह), उसके भाई ध्रुव (6), उनकी मामी रोहिणी (20), टेंपो चालक सौदान पाल (40), रूवैद (30) और रामपाल (35) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
