महुली पुलिस एवं सोशल मीडिया सेल के समन्वित प्रयास से भटका हुआ बालक सकुशल परिजनों से मिला
संत कबीर नगर, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा* के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय* मय पुलिस टीम एवं सोशल मीडिया सेल जनपद संतकबीरनगर के समन्वित प्रयास से भटके हुए एक बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलवाया गया।
आज दिनांक 25.07.2026 को एक बालक भटकते हुए थाना महुली जनपद संतकबीरनगर पहुँच गया । थाना महुली पुलिस द्वारा बालक को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की गई किन्तु वह अपने परिजनों का मोबाइल नंबर अथवा पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना महुली पुलिस ने तत्काल सोशल मीडिया सेल जनपद संतकबीरनगर को सूचना दी । सोशल मीडिया सेल द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बालक की सूचना विभिन्न माध्यमों से प्रसारित की गई तथा सोशल मीडिया सेल जनपद बस्ती से समन्वय स्थापित कर आवश्यक जानकारी साझा की गई । दोनों जनपदों के मध्य प्रभावी समन्वय एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप बालक के परिजनों का पता लगाया गया तथा उनसे संपर्क स्थापित किया गया । सूचना प्राप्त होते ही बालक के परिजन थाना महुली पहुँचे । आवश्यक सत्यापन एवं विधिक औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत बालक अभिनंदन को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।
*अपने पुत्र को सकुशल प्राप्त कर परिजन भावुक हो उठे तथा थाना महुली पुलिस एवं सोशल मीडिया सेल जनपद संतकबीरनगर के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया । उन्होंने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता, मानवीय व्यवहार एवं समन्वित कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की समयबद्ध कार्यवाही से उनका परिवार पुनः खुशियों से भर गया।*
*संतकबीरनगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कोई बालक अथवा व्यक्ति भटका हुआ अथवा असहाय अवस्था में मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन को सूचना दें। आपकी समय पर दी गई सूचना किसी परिवार को उसके अपनों से पुनः मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।*
*संतकबीरनगर पुलिस का संकल्प — "जनसेवा, संवेदनशीलता एवं विश्वास के साथ हर नागरिक की सुरक्षा।"*
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
