सीवान में नीट प्रदर्शन बेकाबू, हिंसा से दहला पूरा शहर, पुलिस पर पथराव-फायरिंग
एसपी समेत कई घायल, सौ उपद्रवी हिरासत में लिए गए
- सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान
सीवान। नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बुलाया गया बिहार बंद सीवान में हिंसक झड़प में बदल गया। गांधी मैदान और जेपी चौक पर प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच पथराव, लाठीचार्ज, आंसू गैस और फायरिंग की घटनाओं से पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग घायल हुए, जबकि पुलिस ने लगभग 100 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह गांधी मैदान में बड़ी संख्या में छात्र शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे। दोपहर के समय स्थिति तब बिगड़ गई जब एक उग्र समूह वहां पहुंचा और पथराव शुरू हो गया। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पहले पानी की बोतलें और बाद में पत्थर फेंके। हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और फिर करीब 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े।
हिंसा के दौरान गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। वहीं पथराव में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह समेत 30 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। कई प्रदर्शनकारियों और राहगीरों को भी चोटें आईं। स्थिति संभालने पहुंचे जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और एसपी पर भी पथराव किया गया।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रदर्शन के मद्देनजर पहले से पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, लेकिन कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ दिया। उनके अनुसार, भीड़ की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और स्थिति नियंत्रित करने के लिए 6 से 8 राउंड जवाबी फायरिंग की। फिलहाल शहर में अतिरिक्त पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं तथा स्थिति नियंत्रण में है।
एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सभी दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
