लखीमपुर-खीरी,16 जुलाई(तरुणमित्र)। नगर पालिका परिषद लखीमपुर द्वारा बरसात के बीच कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य ने शहर के वार्ड थरबरनगंज के लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। आबादी के बीच नाले को पूरी तरह खोदकर छोड़ दिए जाने से बरसाती पानी और नाले की गंदगी गलियों में फैल गई है। जगह-जगह जलभराव, काई और बदबू के कारण स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है तथा संचारी रोग फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देशन में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव,सफाई अभियान तथा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मच्छर एवं जलजनित बीमारियों के साथ-साथ दिमागी बुखार जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम करना है। लेकिन थरबरनगंज वार्ड की स्थिति इस अभियान की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। नाला निर्माण के कारण गंदा पानी और कचरा गलियों में फैला हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति में संचारी रोग नियंत्रण अभियान केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रहा है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थरबरनगंज वार्ड से सटी जिला कारागार की सुरक्षा दीवार की नींव में भी बरसाती और नाले का पानी जमा हो गया है। इससे सुरक्षा दीवार की मजबूती पर भी खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। वार्डवासियों ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा क्षेत्र में फैली गंदगी की तत्काल सफाई कराने की मांग की है, ताकि लोगों को जलभराव,बदबू और संभावित संक्रामक बीमारियों के खतरे से राहत मिल सके।
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।