अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र को मंत्रिमंडल की मंजूरी
लखनऊ। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित सिंगना में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना को मंजूरी दिये जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
मंत्री ने कहा कि यह केंद्र कृषि उत्पादकता बढ़ाने, मूल्य संवर्धन एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि आलू और शकरकंद जैसी जड़वाली फसलों में अपार संभावनाएं हैं और इस नवाचार केंद्र की स्थापना से खाद्य व पोषण सुरक्षा, किसानों की आय में वृद्धि, तथा सतत कृषि विकास को बल मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह केंद्र न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे दक्षिण एशिया क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात को गति देगा। विशेष रूप से उच्च उपज, पोषणयुक्त और जलवायु अनुकूल किस्मों का विकास किसानों के लिए वरदान साबित होगा। इसके माध्यम से खेती के क्षेत्र में वैश्विक स्तर की तकनीक और नवाचार प्रदेश में सुलभ होंगे।
टिप्पणियां