रिटायर्ड जज की प्रताड़ना से तंग आकर की आत्महत्या
गोमतीनगर में छलांग लगाकर किया सुसाइड
- पति पर लगा था छह लाख की चोरी का आरोप
लखनऊ। गोमती नदी में कूदकर महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला के पति ने दो महीने पहले जज और उसकी पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगा ली थी। केस दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई न होने से महिला हताश थी। जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। लक्ष्मण मेला मैदान हजरतगंज की रहने वाली कविता निषाद (35) का शव बुधवार को नदी में उतराता मिला।
परिजनों का कहना है कि दो महीने पहले कविता के पति महेश निषाद पर अलीगंज निवासी जज और उसकी पत्नी ने चोरी का आरोप लगाकर काफी प्रताड़ित किया था। उनकी प्रताड़ना से तंग आकर महेश ने सुसाइड कर लिया था। मामले में हजरतगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ था। लेकिन दंपती पर कार्रवाई न होने से पत्नी हताश हो गई थी। पुलिस ने बताया कि अहिमामऊ की रहने वाली कविता निषाद दोपहर करीब 2.00 बजे लक्ष्मण मेला मैदान के पास गोमती नदी में कूद गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नदी से निकालकर इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टर ने कविता को मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। गौरतलब है कि लखनऊ में रिटायर्ड जज की पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर उनके शेफ महेश निषाद (रसोइए) ने सुसाइड कर लिया था। परिवार वालों का आरोप था कि जज की पत्नी साढ़े 6 लाख रुपए की चोरी का आरोप लगाकर परेशान कर रही थी।
मौत के बाद नाराज घर वालों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया था। परिवार वाले जज के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद शांत हुए थे। महेश निषाद (35) लक्ष्मण मेला मैदान रोड का रहने वाला था। वह अलीगंज में रहने वाले रिटायर्ड जज अनिल श्रीवास्तव के घर में 4 साल से खाना बनाने का काम करता था। बुधवार को उसने फंदे से लटक कर जान दे दी। इससे पहले महेश ने एक वीडियो और ऑडियो जज की पत्नी वंदना श्रीवास्तव को भेजा था।
टिप्पणियां