बिजनौर पुलिस अलर्ट: एसपी ने की जनसुनवाई, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा
चेकिंग अभियान भी तेज, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर पुलिस सक्रिय
रामनाथ सिंह
- जनसुनवाई के दौरान दिए आदेश, शिकायतकर्ताओं को जल्द न्याय दिलाने के निर्देश
बिजनौर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बिजनौर पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के निर्देशन में जनसुनवाई, सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण, वाहन चेकिंग अभियान तथा कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण लगातार किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन से प्राप्त प्रार्थना पत्रों एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायतकर्ताओं को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गंगा बैराज पुलिस चौकी पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उधर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रकाश कुमार ने आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए क्षेत्राधिकारी नगीना के साथ थाना नगीना देहात एवं नगीना क्षेत्र के नजीबाबाद बॉर्डर से बुंदकी रोड स्थित संपूर्ण कांवड़ मार्ग तथा रामलीला ग्राउंड, थाना नगीना तक व्यापक भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।
इसके उपरांत थाना नगीना में तैनात सभी उपनिरीक्षकों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित कर कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बिजनौर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार निरीक्षण, जनसुनवाई और सुरक्षा अभियानों के माध्यम से पुलिस प्रशासन यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
