निघासन-खीरी,22 जुलाई(तरुणमित्र)। बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक आर एस कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न छात्र एवं शिक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करते हुये महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह को सौंपा। ज्ञापन में जौहर विश्वविद्यालय रामपुर से जुड़े प्रकरण, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, बेरोजगारी तथा छात्रों के हितों से संबंधित कई मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन में मांग की है कि जौहर विश्वविद्यालय रामपुर की तकनीकी कमियों का समाधान कर उसे सुचारु रूप से संचालित किया जाए। साथ ही नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने, केंद्र एवं विभिन्न राज्य सरकारों में रिक्त पदों पर भर्ती का कैलेंडर जारी करने, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता उपलब्ध कराने तथा गरीब छात्रों के लिए सस्ती एवं सुलभ शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
विधानसभा अध्यक्ष भण्डारी यादव ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि यदि जौहर विश्वविद्यालय से संबंधित समस्या का समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान रामासरे यादव,मनोज वर्मा,डा.अर्पित कुशवाहा,डॉ. निसार अहमद,बेनजीर उमर,जगमोहन यादव,राजेश चतुर्वेदी, जगदीश लोधी,असलम अंसारी, उमाशंकर,विपिन वर्मा,कुलदीप,राजेंद्र यादव,सरदार यादव,समरजीत, इस्लामुद्दीन,संदीप,समरजीत सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।