लखीमपुर-खीरी,21 जुलाई(तरुणमित्र)। स्वास्थ्य सेवा मानवता और चिकित्सकों के सम्मान को समर्पित नई पहल करते हुए मंगलवार को जिला अस्पताल में डॉक्टर एसोसिएशन का गठन करते हुए नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉक्टर वाणी गुप्ता की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से डॉ अंशुल गुप्ता MBBS MD ,Medicine & critical care (Gold medalist) को अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। वहीं डॉ अरविंद वर्मा उपाध्यक्ष, डॉ विनय उपाध्याय को सचिव तथा डॉ प्रवीण को कोषाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया। इसके साथ ही विभिन्न चिकित्सकों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारियां सौंपी गई है। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य केवल चिकित्सकों का संगठन बनाना नहीं बल्कि समाज और मानवता की सेवा को नई दिशा देना है।
संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना, जिन मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता उनके लिए रक्तदाताओं का नेटवर्क तैयार कर रक्त की व्यवस्था सुनिश्चित कराना, जरूरतमंद मरीजों के उपचार हेतु पेशेंट सहायता कोष का गठन कर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना, समय-समय पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना,गंभीर परिस्थितियों में मरीज और उनके परिजनों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग देना,चिकित्सकों के बीच आपसी सहयोग एकता और सम्मान की भावना को मजबूत करना,किसी भी चिकित्सक की आकस्मिक बीमारी या दुर्घटना में असामयिक निधन की स्थिति में उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहना तथा हर संभव सहयोग प्रदान करना,समाज में स्वास्थ्य शिक्षा रोगों की रोकथाम और जन जागरूकता के लिए निरंतर अभियान चलाना,चिकित्सा सेवा को अधिक मानवीय सुलभ और समाज हितैषी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करना शामिल है।
बैठक में उपस्थित सभी चिकित्सकों ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन सेवा समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज और चिकित्सा समुदाय के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा। सभी पदाधिकारियों ने ईमानदारी ,पारदर्शिता और निस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ वाणी गुप्ता के साथ उप प्रधानाचार्य डॉ राजेश झींगरन,नोडल अधिकारी डॉ अमित सिंग,डॉ विनीत सहित अन्य चिकित्सक व पदाधिकारी मौजूद रहे।