बेलरायां-खीरी,21 जुलाई(तरुणमित्र)। आदर्श प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) बेलरायां के चुनाव को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के बीच अब चुनाव की तारीख बदलने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बीडीओ निघासन द्वारा 23 जुलाई को चुनाव कराने की निर्धारित तिथि को दरकिनार करते हुए सीएलएफ की मौजूदा पदाधिकारियों ने 27 जुलाई को चुनाव कराने का सूचना पत्र चस्पा कर दिया।
सबसे हैरानी की बात यह है कि चस्पा किए गए सूचना पत्र में पत्र जारी करने की तारीख तक अंकित नहीं की गई, जिससे पूरे चुनाव की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। चुनाव लड़ने वाली महिला प्रत्याशियों और मतदान करने वाली ग्राम संगठनों की महिलाओं में इस बात को लेकर भारी असमंजस है कि आखिर चुनाव 23 जुलाई को होगा या 27 जुलाई को। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि जब प्रशासन की ओर से चुनाव की तिथि तय कर दी गई थी, तो उसे बदलने का अधिकार किसने और किस आधार पर लिया। इससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और वैधानिकता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि आदर्श प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ बेलरायां पहले से ही करोड़ों रुपये के कथित घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। ऐसे समय में चुनाव की तारीख को लेकर पैदा हुआ नया विवाद प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या डीएम के आदेश से ऊपर सीएलएफ की पदाधिकारी हैं? यदि नहीं, तो फिर प्रशासन द्वारा तय की गई चुनाव तिथि कैसे बदली गई? इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं, जिससे महिलाओं में भ्रम और नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
जांच टीम पर दोषियों को बचाने का आरोप
बेलरायां सीएलएफ में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की डीएम के आदेश पर उच्चस्तरीय जांच चल रही है। शिकायत करने वाली महिलाओं का आरोप है कि जांच टीम ब्लॉक स्तरीय जांट समिति द्वारा दोषी ठहराई गईं सीएलएफ कोषाध्यक्ष लक्ष्मी श्रीवास्तव और सचिव सुकेता तिवारी के ग्राम संगठनों की जांच नहीं कर रही है, जबकि इन्हीं के ग्राम संगठनों में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। सुकेता तिवारी ने अपने प्रकाश संगठन उमरा,आकाश प्रेरणा संगठन निबौरिया आदि से सीधे पुरुषों के खाते में लाखों रुपये भेजे हैं। इसी तरह बेलरायां के दीपक प्रेरणा से लक्ष्मी श्रीवास्तव ने बचत खाते और पुरुषों के खाते में लाखों रुपये भेजे हैं।