गोला गोकर्णनाथ-खीरी,20 जुलाई(तरुणमित्र)। नीट यूजी परीक्षा में सफलता हासिल कर डॉक्टर बनने की दिशा में कदम बढ़ाने वाले नगर एवं क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं का सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर ग्रुप के संचालक एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा ने भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर सभी सफल विद्यार्थियों को फूल-मालाएं पहनाकर, मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में उमाकांत कटियार की पुत्री आस्था, अतीक के पुत्र फैज अहमद, निहाल के पुत्र सहबाग अहमद, सौरभ वर्मा के पुत्र धैर्य पटेल,डॉ. एस.पी. वर्मा के पुत्र कर्तव्य पटेल,ललित मोहन मिश्रा के पुत्र अंदेश मोहन मिश्रा तथा ग्राम खदनी निवासी उमेश कनौजिया के पुत्र अमन कनौजिया शामिल रहे। सभी विद्यार्थियों ने नीट यूजी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है।
इन विद्यार्थियों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा विभिन्न विद्यालयों से प्राप्त की। आस्था और अमन ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज,फैज ने कृषक समाज इंटर कॉलेज,सहबाग ने गोला पब्लिक स्कूल,धैर्य पटेल ने चिल्ड्रेन्स अकैडमी,कर्तव्य पटेल ने डीजी मेमोरियल स्कूल तथा अंदेश मोहन मिश्रा ने राजेंद्र गिरि स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं गुरुजनों को दिया।
इस अवसर पर डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देता है। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और अन्य बच्चों को भी कठिन परिश्रम कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को आगे भी हर संभव सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर समाज और देश की सेवा कर सकें।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के परिजन, सनशाइन हॉस्पिटल की टीम तथा नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।