'चलो संसद' मार्च हिंसक: कई पुलिसकर्मी घायल, 60 से ज्यादा प्रदर्शनकारी भी जख्मी, 70 हिरासत में
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'चलो संसद' मार्च के दौरान सोमवार को नई दिल्ली में प्रदर्शन हिंसक हो गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए पुलिस बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, पथराव किया, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया।
पूरे घटनाक्रम में 120 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि 60 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की सूचना है। पुलिस ने करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई बार प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से हटने और लागू निषेधाज्ञा का पालन करने की अपील की, लेकिन भीड़ ने निर्देशों की अनदेखी की।
आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, पुलिस पर पथराव किया और सरकारी वाहनों समेत सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इससे संसद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस के अनुसार, हिंसा में स्पेशल पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), अतिरिक्त डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी भी घायल हुए हैं।
कई महिला पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। घायलों का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराया जा रहा है और कुछ पुलिसकर्मियों का परीक्षण अभी जारी है।
हिंसक भीड़ ने 15 से 20 सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की। इसके अलावा अन्य सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब तक करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अन्य संबंधित कानूनों के तहत दंगा, लोक सेवकों पर हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
मामले की जांच जारी है और हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ है। पूरे दिन चले ऐक्शन के बाद दोबारा कॉकरोच पार्टी धरने में बैठ गई। दीपके का कहना है कि मांग जब तक पूरी नहीं होती तब तक प्रदर्शन खत्म नहीं होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
