कांवड़ मार्गों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, 13 खाद्य नमूने जांच को भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जनपदभर में चलाया विशेष अभियान
रामनाथ सिंह
- खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का नही होगा समझौता: जिलाधिकारी
बिजनौर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान कांवड़ मार्गों पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और विभिन्न खाद्य पदार्थों के 13 नमूने लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने चांदपुर, बिजनौर, नजीबाबाद, नगीना और धामपुर क्षेत्रों में निरीक्षण कर खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान चांदपुर से मावा के पांच नमूने, मिश्रित दूध और चमचम के एक-एक नमूने, बिजनौर से तैयार चाय, नजीबाबाद से मावा, नगीना से मैकरोनी, घेवर और बेसन तथा धामपुर से ब्रिटानिया न्यूट्रीचॉइस बिस्कुट का एक-एक नमूना लिया गया।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान विभाग ने खाद्य कारोबारियों को कुट्टू के आटे के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया।
उन्हें पुराने या खुले कुट्टू के आटे का विक्रय न करने तथा पैक्ड आटे का उपयोग उसकी वैधता अवधि, विशेषकर पैकिंग के सात दिन के भीतर करने की सलाह दी गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
