एडीओ पंचायत की कथित संपत्तियों को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज, निष्पक्ष जांच की मांग
विकास कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग
रामनाथ सिंह
- आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप
बिजनौर। विकास खंड मोहम्मदपुर देवमल में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राकेश कुमार को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह आरोप चर्चा का विषय बने हुए हैं कि उन्होंने विभिन्न विकास खंडों में तैनाती के दौरान कथित अनियमितताओं के जरिए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार, संबंधित अधिकारी ने कथित रूप से अपनी पत्नी के नाम पर एलआईसी एजेंसी/कोड प्राप्त कराया और सफाई कर्मचारियों की बड़ी संख्या में बीमा पॉलिसियां कराकर आर्थिक लाभ अर्जित किया। इसके अलावा उनके नाम से पेट्रोल पंप के संचालन तथा नोएडा सहित अन्य स्थानों पर संपत्तियां होने की भी चर्चाएं हैं।
क्षेत्र के कुछ लोगों का कहना है कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तो आय से अधिक संपत्ति, सरकारी पद के दुरुपयोग और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारी की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों, निवेश, बीमा गतिविधियों और उनके कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) राकेश कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि वह मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की बैठक में व्यस्त हैं और बाद में बात करेंगे। इसके बाद पुनः संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
उल्लेखनीय है कि उपरोक्त सभी आरोप और दावे स्थानीय स्तर पर लगाए गए हैं। अभी तक किसी सक्षम जांच एजेंसी द्वारा इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति किसी सक्षम प्राधिकारी की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। संबंधित अधिकारी का विस्तृत पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
