आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त
असंतोषजनक फीडबैक पर नोटिस के निर्देश
रामनाथ सिंह
- कारण बताओ नोटिस जारी
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में उन्होंने असंतोषजनक फीडबैक मिलने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ विभागों को शिकायतों के निस्तारण पर शत-प्रतिशत असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ है। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की औपचारिकता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर तथ्यों के आधार पर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायत के निस्तारण से पहले स्वयं स्थलीय सत्यापन कर शिकायतकर्ता की समस्या का प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि शिकायत दोबारा न आए।
फैमिली आईडी योजना की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर डीएम ने जलीलपुर, अफजलगढ़, कोतवाली और नूरपुर के खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
