लखीमपुर-खीरी,08 अगस्त(तरुणमित्र)। फरधान थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 590 ग्राम कथित अवैध अल्प्रासेफ नशीला पाउडर बरामद करने का दावा किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ और तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में फरधान पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नकहा पिपरी से मोहम्मदपुर जाने वाली सड़क के किनारे कुछ लोग नशीले पदार्थ का सेवन करने के साथ उसकी बिक्री के लिए भी मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पांचों को मौके पर पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 590 ग्राम नशीला पाउडर बरामद होने की बात सामने आई। बरामदगी में मुस्लिम के पास से 130 ग्राम, शान खान के पास से 125 ग्राम, अन्नू खान के पास से 110 ग्राम, फुरकान के पास से 115 ग्राम तथा सुरेश कुमार के पास से 110 ग्राम पदार्थ बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्लिम (31), शान खान (34), अन्नू खान (31), फुरकान (27) निवासी पड़रिया कला, थाना फरधान तथा सुरेश कुमार (40) निवासी झखरा पिपरी, थाना फूलबेहड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में मु.अ.सं. 333/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी नकहा पिपरी से मोहम्मदपुर जाने वाली रोड, ग्राम नकहा पिपरी की सीमा में की गई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक आकाश भाटी, हेड कांस्टेबल मो. वकील, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह एवं कांस्टेबल हरीश कुमार शामिल रहे।