सावन के दूसरे सोमवार से पहले IG ने नौबस्ता-भिटौरा गंगा घाट का किया औचक निरीक्षण
- सुरक्षा, साफ-सफाई और पार्किंग व्यवस्था का लिया जायजा
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
फतेहपुर। सावन के दूसरे सोमवार को गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शनिवार को प्रयागराज रेंज के आईजी अजय कुमार मिश्र ने फतेहपुर जनपद के नौबस्ता एवं भिटौरा गंगा घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के नौबस्ता गंगा घाट पहुंचे आईजी ने घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित असुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा वाहनों की पार्किंग के इंतजामों को भी देखा। सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। और आईजी ने नौबस्ता गंगा घाट स्थित प्राचीन सिद्धपीठ गंगेश्वर महादेव मंदिर के बारे में भी जानकारी प्राप्त की तथा मंदिर एवं घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद आईजी अजय कुमार मिश्र ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा गंगा घाट का भी निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने स्नान घाट, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और पार्किंग सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सावन के दूसरे सोमवार के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आईजी के निरीक्षण के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अमला घाटों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
