गन प्वाइंट पर शराब कारोबारी के घर लाखों की लूट
पुलिस घटना को मान रही संदिग्ध
बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के गनियाई गांव में नकाबपोश बदमाशों ने शराब कारोबारी के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर परिवार को सदस्यों को बंधक बनाकर नकदी समेत लाखों के जेवरात लूट ले गए। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस ने घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए जांच शुरु कर दी है।
गांव गनियाई निवासी अमर सिंह गांव में देशी शराब की दुकान चलाते हैं। गांव में ही उनका टेंट का कारोबार भी है। अमर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे पांच नकाबपोश असलाहधारी बदमाश दरवाजे के रास्ते उनके घर में दाखिल हो गए। घर में दाखित होते ही बदमाशों ने गन प्वाइंट पर परिवार को बंधक बना लिया और घर में लूटपाट शुरु कर दी। पीडि़त ने बताया कि बदमाश घर में रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवरात व 38 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश अंधेरे का लाभ उठाते हुए फायरिंग करते हुए फरार हो गए। फायरिंग के बाद गांव में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की। लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने परिवार वालों से घटना की जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए। वहीं, पुलिस ने घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए जांच शुरु कर दी है। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना की सभी पहलूओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवररेट शराब बिक्री को लेकर विवाद की बात सामने आई है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
