पीएमएस संघ के जिलाध्यक्ष बने डॉ. राजेश वर्मा, मोहित यादव सचिव
बदायूं। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय नेतृत्व के दिशा।निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ जिला शाखा बदायूं की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव प्रक्रिया जिला चिकित्सालय के सभागार में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा मनोनीत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता एवं जिला रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल की देखरेख में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान कराया गया। चुनाव में कुल 83 मतदाताओं में से 75 चिकित्सकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 90.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो संगठन के प्रति चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी का परिचायक रहा।
मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से मतगणना कराई गई। सचिव पद के लिए हुए एकमात्र मुकाबले में कुल 74 वैध मत पड़े, जबकि 01 मत निरस्त घोषित किया गया। डॉ. मोहित यादव को 38 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. रश्मि दीप गंगवार को 36 मत मिले। इस प्रकार डॉ. मोहित यादव 2 मतों के अंतर से जिला सचिव निर्वाचित घोषित किए गए।
इस चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण यह रहा कि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार वर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, बदायूँ के जिला अध्यक्ष चुने गए। चिकित्सकों ने एक बार फिर उनके नेतृत्व, संगठन के प्रति समर्पण, बेदाग छवि एवं सक्रिय कार्यशैली पर विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से संगठन की कमान सौंपी। उनके लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने पर जिलेभर के सरकारी चिकित्सकों में हर्ष का वातावरण रहा तथा उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, बदायूँ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (2026-27)
- जिला अध्यक्ष: डॉ. राजेश कुमार वर्मा
- उपाध्यक्ष: डॉ. मोहम्मद तहसीन
- उपाध्यक्ष: डॉ. नवनीत कुमार
- उपाध्यक्ष (महिला): डॉ. श्रद्धा गंगवार
- जिला सचिव: डॉ. मोहित यादव
- केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य: डॉ. राजवीर गंगवार
- वित्त सचिव: डॉ. शिव मोहन कमल बॉस
- सम्पादक: डॉ. अवधेश राठौर
परिणाम घोषित होने के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा तथा सचिव डॉ. मोहित यादव को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार संगठन का नेतृत्व करने का अवसर देने के लिए मैं सभी सम्मानित चिकित्सक साथियों का हृदय से आभारी हूं। यह विश्वास मेरे लिए सम्मान के साथ साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ प्रत्येक चिकित्सक के मान-सम्मान, सुरक्षा और न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करूंगा। प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार वर्मा, सचिव डॉ. मोहित यादव तथा समस्त नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
