बेटियों को शिक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
बदायूं। महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज में बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, उनके अधिकारों, करियर विकल्पों और महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। जिला मिशन कोऑर्डिनेटर छवि वैश्य ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बालिकाओं को पीसीपीएनडीटी एक्ट और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। बालिकाओं को करियर काउंसलिंग के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और करियर की संभावनाओं से अवगत कराया गया, ताकि वे अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन कर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बालिकाओं को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई। जिला सेवायोजन कार्यालय के संजय कुमार ने रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी देते हुए रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और उसके लाभ बताए। उन्होंने बालिकाओं को अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। प्रीति चौहान ने 112, 1098, 108, 1090 और 1076 जैसी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला कल्याण विभाग कार्यालय, कलेक्ट्रेट बदायूं अथवा हेल्पलाइन 181 के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में छवि वैश्य, संजय कुमार, प्रीति चौहान, प्रधानाचार्य अमित आलोक, गीतांजलि सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
