प्राइमरी स्कूल की छत पर चढ़ाकर बच्चों से कराई सफाई वीडियों वायरल
अभिभावकों ने नाम काटने की धमकी का लगाया आरोप, बीएसए ने दिए जांच के आदेश
मोहनलालगंज , लखनऊ। मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ललूमर में शुक्रवार को बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया। विद्यालय की छत पर बच्चों को चढ़ाकर सफाई कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह विद्यालय के कुछ बच्चों को स्कूल भवन की छत पर चढ़ाकर सफाई कराई जा रही थी। आरोप है कि छत के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं, जिससे बारिश के मौसम में बच्चों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
https://twitter.com/AAPUttarPradesh/status/2085679447982866696?s=20
अभिभावकों का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और अन्य शिक्षक उनके घर पहुंचे तथा बच्चों का नाम विद्यालय से काटने की धमकी दी। इस कथित धमकी का भी वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया।ग्रामीणों ने विद्यालय भवन की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भवन की दीवारों में सीलन है और लंबे समय से रंगाई-पुताई व मरम्मत नहीं कराई गई है। आरोप है कि कंपोजिट ग्रांट मिलने के बावजूद विद्यालय की स्थिति में कोई सुधार नहीं किया गया।
मोहनलालगंज खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें मिल चुकी हैं और निरीक्षण के दौरान वह अनुपस्थित भी पाई गई थीं। उन्होंने बताया कि कंपोजिट ग्रांट आहरित करने के बावजूद भवन की रंगाई-पुताई और मरम्मत नहीं कराई गई। पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
जांच के बाद होगी कार्रवाई....
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ और वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
