ईको गार्डन में गूंजे नारे, ‘बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ’
सांसद चंद्रशेखर ने मंडल रिपोर्ट सार्वजनिक करने की उठाई मांग
- ईवीएम हटाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
- बीएसपी,कांग्रेस सहित कई दलों के नेता ने सदस्यता ग्रहण की
लखनऊ। शुक्रवार नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंडल रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने ईको गार्डन में आयोजित ‘मंडल चेतना जन आंदोलन’ में ‘बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ, ईवीएम हटाओ’ का नारा लगाया। प्रदेशभर से आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान बीएसपी और कांग्रेस सहित अन्य नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
चंद्रशेखर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह जी ने पिछड़े समाज को आगे लाने का काम किया। मेरी सरकार से मांग है कि वीपी सिंह को भारत रत्न मिलना चाहिए। आज जो संवैधानिक व्यवस्था है, वह सब कांशीराम और रामविलास पासवान जैसे लोगों के संघर्षों की वजह से है। मैं उन्हें कभी नहीं भूल सकता। पूर्व आईपीएस और आजाद समाज पार्टी के हाथरस के प्रभारी आदित्य प्रकाश वर्मा ने कहा कि पिछड़े वर्गों के लिए 27 प्रतिशत तक आरक्षण का प्रावधान है, लेकिन इसका आधा भी उन्हें नहीं मिल पा रहा।
आरक्षण के प्रावधान का पूरी तरह से पालन किया जाना चाहिए। इस दौरान बसपा के पूर्व विधायक बाल गोविंद राजवंशी ने आजाद समाज पार्टी ज्वाइन की। चंद्रशेखर आजाद ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह पूरी रात सो नहीं सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर कक्षा एक से पीएचडी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इलाज के लिए किसी को सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसी जिले में दुष्कर्म की घटना होने पर 12 घंटे के भीतर डीएम और एसपी को मुख्यालय से अटैच कर दिया जाएगा।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में करीब 7,000 करोड़ रुपये प्रचार पर खर्च किए, जबकि यही राशि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर लगाई जा सकती थी। इस धन से बड़े शिक्षण संस्थान और अस्पताल बनाए जा सकते थे।
उन्होंने महाकुंभ पर होने वाले खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि आस्था से जुड़े कार्यों पर खर्च होना चाहिए, लेकिन जनता के टैक्स के पैसे का इस्तेमाल प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने छात्र आंदोलनों में पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग नहीं होना चाहिए। बसपा छोड़कर पूर्व विधायक बाल गोविंद राजवंशी ने आजाद समाज पार्टी ज्वाइन की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
