आगर मालवा में ट्रक से भिड़ी अर्टिगा, मां-बेटी की दर्दनाक मौत
हादसे में कार के उड़े परखच्चे
आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ग्राम रामाखेड़ी के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में कार सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी कार सवार उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कार उत्तर प्रदेश नंबर की थी और सुबह फोरलेन से गुजर रही थी। रामाखेड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई।
टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे।
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। एक महिला कार में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद ले जाया गया। बड़ौद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से दोनों मृतकों के शव शासकीय अस्पताल बड़ौद पहुंचाए गए।
मां-बेटी की मौत, तीन घायल
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सारिका पत्नी श्यामलाल) और उनकी बेटी छवि के रूप में हुई है। हादसे में सूरजपाल, सचिन और श्याम घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
गंभीर घायलों को आगर जिला अस्पताल भेजा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण तीनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्टिगा चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
