रोडवेज बस की टक्कर से महिला की मौत, बाल-बाल बचा बेटा
नूरपुर में मंडी समिति के सामने हादसा, बस के पहिए के नीचे आने से गई जान
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
बिजनौर । जनपद के कस्बा नूरपुर में रविवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। मंडी समिति के सामने रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला बस के पहिए के नीचे आ गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक महिला की पहचान ग्राम राजा का ताजपुर निवासी गुड़िया (45) पत्नी अमरपाल सिंह के रूप में हुई है। वह रविवार दोपहर अपने पुत्र कुणाल के साथ बाइक पर सवार होकर एक रिश्तेदारी में नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे नूरपुर में मंडी समिति के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गुड़िया बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गईं और बस के पहिए के नीचे आ गईं।
हादसे में गुड़िया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र कुणाल बाल-बाल बच गया। घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर मारने वाली बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष परवेज कुमार ने इसकी पुष्टि की है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा सख्त कार्यवाही की मांग की है । मौके पर पुलिस जाम खुलवाने के प्रयास कर रही है |
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
