ट्रैक मेंटेनर की ट्रेन से कटकर मौत
पश्चिम सिंहभूम। पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर मंडल के मनोहरपुर स्टेशन के पास रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। किलोमीटर 351/21-33 के बीच ब्रिज संख्या 206 पर मानसून पेट्रोलिंग कर रहे ट्रैक मेंटेनर विक्की कुमार की हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। विक्की की रेलवे में नियुक्ति इसी साल 26 मार्च 2025 को हुई थी। कुछ महीने पहले ही नौकरी शुरू करने वाले इस युवक की मौत ने पूरे विभाग को झकझोर दिया है।
घटना के बाद ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने रेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यूनियन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि मानसून पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों से लगातार 18-20 दिन तक नाइट ड्यूटी कराना अमानवीय है। उन्होंने बताया कि मानसून पेट्रोलिंग की ड्यूटी 12-12 घंटे की लगाई जाती है और दो दिन के विश्राम के बाद कर्मचारियों को फिर से नाइट शिफ्ट में भेज दिया जाता है। इस व्यवस्था से कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह थक जाते हैं और इसी का नतीजा विक्की कुमार जैसे युवा की मौत के रूप में सामने आया है।
यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूआई मनोहरपुर विनय कुमार का रवैया भी गैर-जिम्मेदाराना है। घटना के बाद जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने किसी का फोन नहीं उठाया। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने इसे तानाशाही बताते हुए विनय कुमार पर तत्काल जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन ने कहा कि नए कर्मचारियों को अनुभवी स्टाफ के साथ छह दिन की ही ड्यूटी दी जानी चाहिए और लगातार नाइट शिफ्ट तथा 12 घंटे की मानसून पेट्रोलिंग पर रोक लगाई जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
टिप्पणियां