ट्रंप ने युद्ध खत्म कराने की दिशा में बढ़ाया कदम, चार घंटे से ज्यादा समय तक चली वार्ता
By Tarunmitra
On
रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के प्रयास में अहम कदम बढ़ाया गया है। अमेरिका और रूस के शीर्ष राजनयिक मंगलवार को मिले और युद्ध खत्म कराने के अलावा दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने के मुद्दों पर बात की।
उनमें शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय टीमें गठित करने पर सहमति बनी है। वे यूक्रेन में यथा शीघ्र युद्ध खत्म कराने की दिशा में ऐसा रास्ता तलाशने पर विचार करेंगी, जो स्थायी, टिकाऊ और सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य होगी। हालांकि यह प्रक्रिया यूक्रेन के बगैर आगे बढ़ाई जा रही है। इससे कीव और उसके सहयोगी यूरोपीय देशों में चिंता है।
बता दें कि तीन वर्ष पहले फरवरी, 2022 में रूस ने यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू किया था, तब से यह जारी है। इसे लेकर अमेरिका ने रूस पर तमाम प्रतिबंध लगाए थे, जिससे दोनों के संबंध खराब हो गए थे। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पदभार संभालने के बाद यूक्रेन में युद्ध खत्म कराने की दिशा में कदम बढ़ाया।
उन्होंने 12 फरवरी को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की और संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया शुरू की। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि दोनों पक्षों में यूक्रेन युद्ध खत्म कराने पर काम शुरू करने के लिए उच्च स्तरीय टीमें गठित करने पर सहमति बनी है।
राष्ट्रपति ट्रंप हत्याओं को रोकना चाहते हैं
उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप हत्याओं को रोकना चाहते हैं। अमेरिका शांति चाहता है। ट्रंप ही दुनिया के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो यूक्रेन और रूस को इस पर सहमत करा सकते हैं।' बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
चार घंटे से ज्यादा समय तक चली वार्ता
अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने कहा, 'आज एक लंबी और कठिन यात्रा का पहला, लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।' व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वॉल्ट्स भी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। जबकि चार घंटे से ज्यादा समय तक चली वार्ता के बाद रूसी वार्ताकार यूरी उशाकोव ने पत्रकारों को बताया, 'उन सभी सवालों पर गंभीर वार्ता हुई, जिन पर हम बात करना चाहते थे।'
उन्होंने बताया कि पुतिन और ट्रंप के बीच मुलाकात के लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई ने कहा, 'यूक्रेन के लिए नाटो की सदस्यता अस्वीकार्य है। हमने आज अपने सहयोगियों को इस बारे में बताया कि राष्ट्रपति पुतिन किस बात पर बार-बार जोर दे रहे हैं। यूक्रेन को शामिल करके नाटो का विस्तार सीधे तौर पर रूस के लिए खतरा है।'
यूक्रेन ने कही ये बात
इधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की पहले ही कह चुके हैं कि अगर कीव इस वार्ता में हिस्सा नहीं लेता है तो उनका देश वार्ता में लिए गए किसी भी फैसले को स्वीकार नहीं करेगा। जबकि यूक्रेन के सहयोगी यूरोपीय देशों ने भी चिंता जताई है कि उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।
वार्ता के बीच रूसी हमला जारी
रियाद में शांति वार्ता के बीच रूस ने यूक्रेन में हमला जारी रखा है। यूक्रेनी सेना के अनुसार, रूसी बलों ने रात के दौरान 176 ड्रोन से हमला किया। इनमें से ज्यादातर को मार गिराया गया। किरोवोहराद क्षेत्र के डोलिंस्का में एक इमारत पर ड्रोन हमले में एक महिला और उसके दो बच्चे घायल हो गए। इमारत से 38 लोगों को निकाला गया। चर्कासी क्षेत्र में भी चार इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है।
About The Author

‘तरुणमित्र’ श्रम ही आधार, सिर्फ खबरों से सरोकार। के तर्ज पर प्रकाशित होने वाला ऐसा समचाार पत्र है जो वर्ष 1978 में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जैसे सुविधाविहीन शहर से स्व0 समूह सम्पादक कैलाशनाथ के श्रम के बदौलत प्रकाशित होकर आज पांच प्रदेश (उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखण्ड) तक अपनी पहुंच बना चुका है।
Related Posts
अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें
Latest News
23 Mar 2025 13:30:19
रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में रविवार को तड़के मौसम ने कहर बरपाया। भारी गर्जना के साथ...
टिप्पणियां