जेसीबी से कुचल कर आपरेटर की हत्या, शव तालाब में जेसीबी के नीचे दबा था
तालाब की कर रहा था खोदाई
लखनऊ। काकोरी इलाके के सकरा गांव में जेसीबी आपरेटर की हत्या कर दी गई। उसका शव तालाब में जेसीबी के नीचे दबा था। घटना सोमवार सुबह साढ़े सात बजे की है। उसकी पहचान शेख शादी गांव के 24 वर्षीय राज कश्यप के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक़ सकरा गांव की नई कालोनी में ग्राम समाज का तालाब है। आर्यन प्रताप सिंह को 2019-29 तक उसमें मछली पालन का पट्टा मिला है। तालाब की खोदाई और बाउंड्री का निर्माण चल रहा है। राज तालाब में जेसीबी चलाता था। रात में सभी ट्रैक्टर चालक और अन्य मजदूर चले जाते थे। राज वहीं पर रुक कर रखवाली करता था। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीण तालाब की ओर आए। उन्होंने राज का शव जेसीबी के लोडर के नीचे दबा देखा।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव का कहना है संदिग्ध परिस्थितियों में मौत लग रही है। हालांकि, घटना कैसे हुई? इसकी जांच की जा रही है।
टिप्पणियां