पीएचडी में चयनित अभ्यर्थियों के होंगे साक्षात्कार
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में पीएचडी साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। तीन जनवरी से चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार शुरू होंगे। एकेटीयू में पीएचडी प्रवेश सत्र 2022-23 के तहत फेज-1 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया था। इसमें 172 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चुना गया। इन चयनितों के लिए अलग-अलग ब्रांच के हिसाब से साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी किया गया है। ये साक्षात्कार तीन जनवरी से आठ जनवरी तक चलेंगे। इस संबंध में उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशुतोष द्विवेदी ने सर्कुलर भी जारी कर दिया है। चयनित अभ्यर्थी एकेटीयू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरा कार्यक्रम देख सकते हैं। डॉ. आशुतोष ने बताया कि फिजिक्स या नैनोटेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी और सिविल या एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग ब्रांच के लिए साक्षात्कार तीन जनवरी को होंगे।
इसी तरह केमिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, आर्किटेक्चर और टेक्सटाइल इंजीनियरिंग ब्रांच के चार और फामेर्सी, मेकॉट्रानिक्स या मैकेनिकल इंजीनियरिंग व मैथमेटिक्स के साक्षात्कार पांच जनवरी को निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग या एनर्जी साइंस के छह और केमेस्ट्री व मैनेजमेंट के साक्षात्कार आठ जनवरी को होना तय किया गया है।
उप परीक्षा नियंत्रक का कहना है कि सभी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार विश्वविद्यालय के तृतीय तल पर आयोजित किया जाएगा। वहीं एकेटीयू में सत्र 2023-24 में नवप्रवेशित या प्री रजिस्ट्रेशन किए गए छात्र-छात्राओं के नामांकन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 31 दिसंबर तक नामांकन फॉर्म भर पायेंगे और साथ ही परीक्षा शुल्क भी जमा कर पाएंगे।
टिप्पणियां