स्कूटी डिवाइडर से टकराई,मां-बेटी की मौत
हरिद्वार से गंगाजल लेकर बरेली लौट रहा था परिवार,झपकी लगने से हुआ हादसा
मुजाहिद खां
रामपुर:थसिलबमिलक में सोमवार तड़के करीब 4 बजे स्कूटी डिवाडर में टकराने से बरेली निवासी मां-बेटी की मौत हो गई।यह हादसा तब हुआ जब परिवार हरिद्वार से गंगाजल लेकर दोपहिया वाहनों से अपने घर लौट रहा था।तभी झपकी लगने से स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई।पुलिस ने मां के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।वहीं,बेटी का शव बिना पोस्टमॉर्टम के ही घर भेज दिया गया।
हरिद्वार से लौट रहा था परिवार
बरेली के पटेल नगर निवासी कपिल खंडेलवाल पासपोर्ट ऑफिस में कॉन्ट्रेक्टर का काम करते हैं।कपिल अपनी पत्नी तृप्ति गुप्ता (50),बड़ी बेटी श्री (19),छोटी बेटी दिव्या (17) और बेटे कार्तिक (12) के साथ रविवार को हरिद्वार गए थे।वे देर रात दोपहिया वाहनों से गंगाजल लेकर बरेली लौट रहे थे।तृप्ति और उनकी बड़ी बेटी श्री एक स्कूटी पर सवार थीं,जबकि कपिल अपनी दूसरी बेटी दिव्या और बेटे कार्तिक के साथ बाइक पर थे।
सोमवार सुबह करीब चार बजे मिलक क्षेत्र के लोहा गांव स्थित हाईवे पर नींद की झपकी लगने से स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई।यह टक्कर इतनी भीषण थी कि तृप्ति और श्री गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मां की मौके पर मौत,बेटी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से मिलक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।वहां डॉक्टरों ने तृप्ति गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल श्री को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रामपुर रेफर किया गया।जिला अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी,जिसके बाद उसे हायर सेंटर भेजा गया।हालांकि,परिजन जब उसे बरेली ले जा रहे थे,तभी रास्ते में श्री ने भी दम तोड़ दिया।
मां और बेटी की एक साथ मौत से परिवार गहरे सदमे में है।पुलिस ने तृप्ति के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।वहीं,श्री का शव बिना पोस्टमॉर्टम किए परिवार घर लेकर चला गया।
हर महीने तीर्थस्थल पर जाते थे
परिजनों ने बताया कि कपिल खंडेलवाल धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और लगभग हर महीने परिवार के साथ किसी न किसी तीर्थस्थल की यात्रा पर जाते थे।पिछले महीने पूरा परिवार दोपहिया वाहनों से मथुरा दर्शन के लिए गया था।कपिल बरेली में ठेकेदारी का काम करते हैं।उनकी बड़ी बेटी श्री ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी,जबकि छोटी बेटी दिव्या ने 10वीं की परीक्षा पास की है। मिलक कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि मां के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।बेटी के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
