आयुष्मान योजना से जरूरतमंद मरीजों को मिल रहा संजीवनी का सहारा
बदायूं। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जनपद बदायूं में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अनेक लोगों को गंभीर बीमारियों से राहत मिली है और उनका जीवन सुरक्षित हुआ है। जनपद में 825345 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के 30201 व्यक्तियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। जनपद में 19 सरकारी व 14 प्राईवेट कुल 33 अस्पताल योजना अन्तर्गत सूचीबद्ध है। अब तक 117000 कार्ड धारकों को योजना का लाभ देते हुए सूचीबद्ध अस्पतालों को 171.93 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है, जो योजना की सफलता व आमजन में इस योजना की लोकप्रियता का एक प्रमाण है।
जनपद के दातागंज क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा निवासी 55 वर्षीय महेश पुत्र सुवेन्द्र गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे। आर्थिक तंगी के कारण वह उपचार कराने में असमर्थ थे। आयुष्मान कार्ड बनवाने के बाद उन्होंने सूचीबद्ध अस्पताल में निःशुल्क उपचार कराया और अब पूर्णतः स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
इसी प्रकार आसमा बेगम को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के कारण तत्काल उपचार की आवश्यकता थी। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें बेहतर अस्पताल में निःशुल्क उपचार उपलब्ध हुआ, जिसके बाद उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ और आज वह स्वस्थ हैं। ग्राम नसीरपुर निवासी अरविन्द पुत्र मनोहर सिंह भी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें समय पर उपचार मिला, जिससे उनका सफल इलाज हुआ और अब वह सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप बदायूं ने बीते सात दिनों में 10,907 आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय आयुष्मान योजना की पूरी टीम, चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के कर्मचारियों तथा योजना से जुड़े सभी कार्मिकों को दिया। जिला प्रशासन ने जनपद के पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और आवश्यकता पड़ने पर योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त करें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
